28 अप्रैल: नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों में टिकट आबंटन को लेकर मंथन तेज हो गया है। भाजपा 28 अप्रैल को शिमला में बैठक कर पार्षद प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम फैसला लेने जा रही है, जबकि कांग्रेस 29 अप्रैल को धर्मशाला में बैठक आयोजित करेगी। इसी दिन से नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया भी शुरू होने वाली है।
भाजपा की बैठक में प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और नेता प्रतिपक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। पार्टी ने संभावित उम्मीदवारों की जीत की संभावना जानने के लिए आंतरिक सर्वे भी करवाया है, जिसकी रिपोर्ट बैठक में रखी जाएगी। इसके आधार पर ही टिकटों पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
वहीं कांग्रेस भी टिकट आबंटन को लेकर पूरी तरह सक्रिय है। पार्टी की बैठक में प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार, नगर निगम चुनाव प्रभारी और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। बैठक से पहले कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया जाएगा, जिसके आधार पर प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा।
मंडी नगर निगम के 15 वार्डों के लिए टिकट आबंटन कमेटी की बैठक 29 अप्रैल को शाम 4:30 बजे धर्मशाला में प्रस्तावित है। दोनों ही दल इस बार चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए मजबूत और जिताऊ चेहरों पर दांव लगाने की रणनीति बना रहे हैं।