26 सितंबर: एशियन गेम्स में मैराथन स्पर्धा में भारत को 44 साल बाद पदक दिलाने वाले हिमाचल प्रदेश के धावक सावन बरवाल को देशभर से बधाइयां मिल रही हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया सहित कई नेताओं ने सावन बरवाल की ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है। नेताओं ने एक्स पर पोस्ट साझा कर उनकी सफलता की सराहना की।
केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने सावन बरवाल को बधाई देते हुए कहा कि भारत के लिए यह ऐतिहासिक रजत पदक है। उन्होंने कहा कि सावन ने पुरुषों की मैराथन में 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड का समय निकालकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने इस उपलब्धि को देश के लिए गर्व का क्षण बताया।
एशियाई खेल 2026 की मैराथन स्पर्धा में सावन बरवाल ने 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड के समय के साथ रजत पदक जीता। उनका यह प्रदर्शन राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ समय भी है। जापान के इचिताका यामाशिता ने 2 घंटे 10 मिनट 49 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि चीन के पेइयू फेंग ने 2 घंटे 12 मिनट 13 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
मैराथन में भारत का यह 44 साल बाद पहला एशियन गेम्स पदक है। इससे पहले 1982 के एशियाई खेलों में होसुर कुकप्पा सीताराम ने कांस्य पदक जीता था। इस तरह सावन बरवाल के रजत पदक के साथ मैराथन में भारत का 44 साल का पदक का इंतजार खत्म हुआ। एक अन्य भारतीय मैराथन धावक कार्तिक कारकेरा 2 घंटे 22 मिनट 41 सेकंड के समय के साथ 17वें स्थान पर रहे।