हमीरपुर में पारिवारिक विवाद बना जानलेवा, बीच-बचाव में बुजुर्ग महिला की मौत

28 अप्रैल: हमीरपुर जिले के भोरंज क्षेत्र के लजयाणी गांव में एक पारिवारिक विवाद ने दुखद रूप ले लिया, जिसमें बीच-बचाव करने आई एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 80 वर्षीय रतनी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनका पोता साहिल शर्मा देर से घर लौटा, जिस पर उसके पिता श्याम लाल ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई।

घर में हो रहे विवाद को शांत कराने के लिए रतनी देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं। इसी दौरान धक्का-मुक्की में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे जमीन पर गिर गईं। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि परिवार में पहले भी आपसी विवाद की स्थिति बनी रहती थी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *