28 अप्रैल: कांगड़ा जिले में एक बड़ा हादसा टल गया, जब रेत से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। यह घटना संसारपुर टैरस–डाडासीबा सड़क पर हुई, जिसमें चालक ट्रैक्टर के नीचे फंस गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बाड़ी निवासी उमेश चंद ट्रैक्टर में रेत भरकर संसारपुर टैरस से अपने गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वनरक्षक आवास के पास एक तीखे मोड़ पर सामने से आ रही सरकारी बस को बचाने की कोशिश में ट्रैक्टर असंतुलित हो गया। सड़क की खराब हालत, एक ओर गहरा गड्ढा और दूसरी ओर खाई होने के कारण वाहन पलट गया।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घायल चालक को तुरंत बीबीएमबी अस्पताल तलवाड़ा ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सड़क का तीखा मोड़ और खराब स्थिति हादसे के मुख्य कारण माने जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस स्थान पर सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए और सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।