25 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के बढेड़ा राजपूतां गांव के उद्योगपति एवं समाजसेवी महेंद्र शर्मा ने केदारनाथ धाम के लिए एक करोड़ रुपये का दान देकर अपनी उदारता का परिचय दिया है। उन्होंने शुक्रवार को यह राशि श्री केदारनाथ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को सौंपी।
महेंद्र शर्मा वर्तमान में श्री बद्री-केदारनाथ मंदिर ट्रस्ट में ट्रस्टी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे केदारनाथ धाम के प्रति गहरी आस्था रखते हैं और इससे पहले भी मंदिर के गर्भगृह में चांदी का लेपन करवा चुके हैं।
धार्मिक और सामाजिक कार्यों में सक्रिय महेंद्र शर्मा इससे पहले श्री माता वैष्णो देवी मंदिर ट्रस्ट को भी एक करोड़ रुपये दान कर चुके हैं। इसके अलावा माता चिंतपूर्णी मंदिर में भी उनके सहयोग से चांदी का कार्य कराया गया है।
उनका यह योगदान न केवल धार्मिक स्थलों के विकास में सहायक है, बल्कि समाजसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।