24 अप्रैल: नशा तस्करी के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) कुल्लू ने मंडी जिले में बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने बिंद्राबनी क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक कार सवार युवक को 407 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात STF कुल्लू की टीम ने मंडी के बिंद्राबनी फोरलेन के पास विशेष नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान पंजाब नंबर की एक कार (PB 01A-7980) को जांच के लिए रोका गया।
तलाशी के दौरान कार में सवार युवक के कब्जे से 407 ग्राम चरस बरामद की गई। आरोपी की पहचान नविंदर धुप्पर, निवासी महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
इस संबंध में STF कुल्लू के डीएसपी हेमराज वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना सदर मंडी में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। STF ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।