21 अप्रैल: शिमला: जिला शिमला के कोटखाई क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना पांदली रोड पर दोपहर करीब 12 बजे हुई। पिकअप वाहन में कुल चार लोग सवार थे। हादसे के दौरान विजय शर्मा नामक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटखाई पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
