कांगड़ा में सनसनी: लापता युवक का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

21 अप्रैल: कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में लापता युवक का शव जंगल में पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, यह मामला ग्राम पंचायत चकवाड़ी के बाड़च्छ गांव का है। मृतक की पहचान 33 वर्षीय हेमराज, पुत्र गिरधारी लाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हेमराज 18 अप्रैल को घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और अगले दिन पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। पुलिस और स्थानीय लोग लगातार उसकी खोजबीन में जुटे हुए थे।

रविवार देर रात घर से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में एक व्यक्ति ने पेड़ से लटका शव देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को नीचे उतारकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की।

बताया जा रहा है कि हेमराज पेशे से वेल्डर था और अपनी दुकान के जरिए परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी और तीन व छह वर्ष के दो छोटे बेटों को छोड़ गया है।

एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *