सोलन में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

21 अप्रैल: सोलन: औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला मार्ग पर बुरावाला के समीप सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा पेश आया, जिसमें बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 32 वर्षीय राहुल राठौर के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले का निवासी था और बद्दी क्षेत्र के एक उद्योग में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि राहुल काम खत्म कर एक परिचित के साथ बाइक पर अपने कमरे की ओर जा रहा था। इसी दौरान बुरावाला के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार निजी बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयानक थी कि राहुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक भी घायल हो गया, जिसका उपचार जारी है। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, दुर्घटना में शामिल बस को सीज कर लिया गया है। बद्दी के एएसपी अशोक वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बस चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *