20 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के हरोली उपमंडल के पंडोगा चौकी क्षेत्र से एक किशोरी के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में चिंता का माहौल है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी का काम करते हैं और परिवार सहित हरोली क्षेत्र के एक गांव में रहते हैं। 17 अप्रैल को परिवार के सभी सदस्य काम पर गए हुए थे, जबकि किशोरी घर पर अकेली थी। शाम को लौटने पर वह घर में नहीं मिली।
परिवार ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, पड़ोसियों और सहेलियों के यहां तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। शिकायत में एक व्यक्ति पर संदेह जताते हुए उसका नाम और विवरण भी पुलिस को दिया गया है।
पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्ध व्यक्ति की तलाश के साथ-साथ किशोरी की लोकेशन का पता लगाने के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।