29 जुलाई: मंडी में राज्य महिला आयोग द्वारा उपायुक्त न्यायालय परिसर में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी की अध्यक्षता में आयोजित इस जनसुनवाई में महिलाओं से जुड़े विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान आयोग की सदस्य रीना पुंडीर, सरोज शर्मा और रीना द्रोच के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा, सदस्य सचिव बुशरा अंसारी तथा विधि अधिकारी यशपाल शर्मा भी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में कुल 52 मामले आयोग के समक्ष आए, जिनमें से 37 मामलों का निस्तारण किया गया। इनमें 16 मामलों का मौके पर ही समाधान कर उन्हें बंद कर दिया गया, जबकि 14 मामलों में अगली सुनवाई की तिथि तय की गई।
जनसुनवाई की सबसे अहम उपलब्धि यह रही कि सात मामलों में करीब ढाई वर्षों से अलग रह रहे पति-पत्नी के बीच आपसी सहमति से समझौता करवाकर उनका पुनर्मिलन कराया गया। समझौते के बाद सभी दंपतियों को साथ रहने के लिए उनके घर भेजा गया।
आयोग के प्रवक्ता ने बताया कि महिलाओं से जुड़ी शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से राज्य महिला आयोग प्रदेश के विभिन्न जिलों में समय-समय पर जनसुनवाई आयोजित करता है। आयोग का लक्ष्य महिलाओं को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सुलभ और न्यायसंगत मंच उपलब्ध कराना तथा शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करना है।