29 जुलाई: कांगड़ा जिले में भारी बारिश के बीच जहां कई क्षेत्रों में जलभराव और नुकसान की स्थिति बनी हुई है, वहीं इंदौरा के बडूखर क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 और 4 के लोग पिछले एक सप्ताह से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। जल शक्ति मंडल इंदौरा के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बाधित होने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण जल शक्ति विभाग के कार्यालय पहुंचे, लेकिन दोपहर तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी वहां मौजूद नहीं मिला। कार्यालय में केवल कुछ कर्मचारी ही मौजूद थे, जिससे नाराज लोगों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब दोपहर दो बजे सहायक अभियंता और ठेकेदार मौके पर पहुंचे, जहां ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण दो दिन में पूरा होने वाला कार्य अब आठवें दिन भी अधूरा है। इसके चलते उन्हें पीने का स्वच्छ पानी नहीं मिल पा रहा है। लोगों का कहना है कि रोजाना पानी के टैंकर मंगवाना उनके लिए आर्थिक रूप से संभव नहीं है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विमला देवी, बलदेव राज चौधरी, रणवीर सिंह, पवन कुमार, सोमराज, रामलाल, तृप्ता देवी, रीना देवी, उषा देवी सहित करीब 50 ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
उधर, जल शक्ति मंडल इंदौरा के अधिशासी अभियंता दविंदर सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि सहायक अभियंता को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लेने और ग्रामीणों की समस्या का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए जाएंगे।