19 अप्रैल: नालागढ़ में मार्च माह में हुए फायरिंग मामले में पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 मार्च 2026 को थाना नालागढ़ में एक फायरिंग की घटना को लेकर मामला दर्ज किया गया था। इस वारदात में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर गोली चलाई गई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रेफर किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दिशांत उर्फ दिशू को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध हथियार (देसी कट्टा) भी बरामद कर लिया गया था।
जांच के दौरान अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने कार्रवाई तेज की। तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस थाना नालागढ़ की टीम ने दूसरे आरोपी ताज मोहम्मद पुत्र रोशनदीन निवासी मियांपुर, जिला रूपनगर (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।