हिमाचल में 152 नए क्रैच खुलेंगे: कामकाजी महिलाओं को राहत, वर्कर-हेल्पर भर्ती जल्द

  1. 18 अप्रैल:हिमाचल प्रदेश में कामकाजी महिलाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। महिला एवं बाल विकास विभाग प्रदेशभर में 152 नए क्रैच (बाल देखभाल केंद्र) खोलने जा रहा है। इन केंद्रों के शुरू होने से छोटे बच्चों की देखभाल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित होगी, जिससे महिलाएं अपने काम और रोजगार पर अधिक ध्यान दे सकेंगी।

इन क्रैचों के संचालन के लिए विभाग जल्द ही वर्कर और हेल्पर के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा। इसके साथ ही पहले से संचालित क्रैचों में कार्यरत कर्मचारियों को भी राहत दी गई है। पात्रता पूरी करने वाले कर्मचारियों को दोबारा मौका दिया जाएगा, ताकि उनके अनुभव का लाभ बच्चों की देखभाल में मिल सके। वहीं, जो कर्मचारी निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरेंगे, उनकी जगह नई भर्ती की जाएगी।

इस पहल से न केवल बाल देखभाल सुविधाओं का विस्तार होगा, बल्कि महिला सशक्तिकरण को भी मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। भर्ती प्रक्रिया एसडीएम की अध्यक्षता में गठित कमेटी द्वारा पूरी की जाएगी। निर्धारित मानकों के अनुसार वर्कर के लिए 12वीं पास और हेल्पर के लिए 10वीं पास शैक्षणिक योग्यता तय की गई है। चयनित वर्कर को प्रति माह 6500 रुपये और हेल्पर को 3500 रुपये मानदेय दिया जाएगा।

महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक डॉ. पंकज ललित के अनुसार, इन नए क्रैचों को जल्द शुरू करने के साथ ही भर्ती प्रक्रिया भी शीघ्र आरंभ की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *