20 मार्च: कांगड़ा जिले के पंचरुखी क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। अप्पर बाजार स्थित एक हार्डवेयर दुकान की बेसमेंट में काम करने वाले बिहार निवासी नंद लाल (50) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, नंद लाल और उसका साथी शामी बुधवार रात को साथ में शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जो हिंसक हो गया। आशंका है कि आरोपी ने नंद लाल पर किसी भारी वस्तु से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना का पता गुरुवार सुबह तब चला जब दुकान मालिक बेसमेंट में पहुंचे और नंद लाल को मृत अवस्था में पाया, जबकि आरोपी मौके से फरार था।
जांच में सामने आया है कि दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।