वरिष्ठ पत्रकार अरुण डोगरा के निधन पर प्रेस क्लब बरमाणा ने जताया शोक, पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति

12 नवम्बर अभिषेक मिश्रा : बिलासपुर के वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार अरुण डोगरा के निधन पर प्रेस क्लब बरमाणा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

प्रेस क्लब बरमाणा के अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, महासचिव अंजलि शर्मा, कोषाध्यक्ष राजेश मिश्रा सहित गोपाल शर्मा, रामलाल पाठक, सतीश शर्मा, रणजीत कुमार और अजय ठाकुर ने अरुण डोगरा के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि अरुण डोगरा ने तीन दशकों से अधिक समय तक विभिन्न समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में सेवाएं देते हुए पत्रकारिता के मूल्यों और मर्यादाओं को मजबूत करने में अहम योगदान दिया। वह एक अनुभवी पत्रकार और साहित्यकार होने के साथ-साथ पत्रकारों के हितों की आवाज बुलंद करने तथा उन्हें एक साझा मंच पर संगठित करने के लिए भी लगातार प्रयासरत रहे।

उन्होंने कहा कि अरुण डोगरा हमेशा पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और जनहित से जुड़े मुद्दों के लिए समर्पित रहे। उनका सरल स्वभाव, व्यापक अनुभव, मिलनसार व्यक्तित्व और पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता नई पीढ़ी के पत्रकारों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। उनके निधन से पत्रकारिता जगत ने एक अनुभवी मार्गदर्शक, संवेदनशील साहित्यकार और पत्रकार हितों के लिए आवाज उठाने वाला व्यक्तित्व खो दिया है। उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

प्रेस क्लब बरमाणा ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *