12 नवम्बर: माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महोत्सव दिसंबर के प्रथम सप्ताह में आयोजित होने की संभावना है। इसके लिए 4 से 6 दिसंबर तक की तिथियां प्रस्तावित की गई हैं। पहले यह महोत्सव 22 से 24 नवंबर तक आयोजित किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन आवश्यक प्रशासनिक और आयोजन संबंधी तैयारियों के चलते इसकी तिथियों में बदलाव किया गया है।
एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर से निकलने वाली भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। यह शोभायात्रा अंब मेला मैदान तक पहुंचेगी। महोत्सव के शुभारंभ समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने के इच्छुक कलाकारों के ऑडिशन अब 26 और 27 नवंबर को महाराणा प्रताप कॉलेज, अंब में आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक कलाकार एसडीएम कार्यालय अंब में अपने आवेदन जमा करवा सकते हैं। इसके अलावा ऑडिशन के दोनों दिन मौके पर भी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। नामी कलाकारों और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के साथ-साथ पुरस्कार विजेताओं को ऑडिशन से छूट दी जाएगी।