हारचक्कियां से गुब्बर तक निकली एंटी चिट्टा वॉकथॉन, केवल सिंह पठानिया ने विद्यार्थियों संग दिया नशामुक्त हिमाचल का संदेश

12 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश को चिट्टामुक्त बनाने के संकल्प के साथ बुधवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में हारचक्कियां से गुब्बर तक एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन निकाली गई। एप्रोप्रिएट टेक्नोलॉजी सेंटर शाहपुर के सौजन्य से आयोजित इस अभियान को उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान वह स्वयं भी विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों के साथ वॉकथॉन में शामिल हुए और नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

वॉकथॉन में राजकीय महाविद्यालय लंज, पीएमश्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हारचक्कियां, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मनेई, राजकीय उच्च विद्यालय लपियाना, एसआरएम पब्लिक स्कूल हारचक्कियां, डीएवी स्कूल मनेई और आईटीआई हारचक्कियां के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी अभियान में सहभागिता निभाई। प्रतिभागियों ने नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण के संदेश लिखी तख्तियां लेकर तथा चिट्टे के खिलाफ नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया।

इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और जीवन में सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि चिट्टा आज समाज के सामने गंभीर चुनौती बनकर उभरा है। इसका बढ़ता प्रचलन युवाओं के भविष्य के साथ-साथ परिवारों और सामाजिक व्यवस्था को भी प्रभावित कर रहा है। नशे की समस्या से निपटने के लिए सरकार, प्रशासन, शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों और समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करने होंगे।

पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हिमाचल को चिट्टामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और इसके नेटवर्क को समाप्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इस कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सरकारी सेवा में रहते हुए नशे के अवैध कारोबार में शामिल पाए गए कर्मचारियों को बर्खास्त करने जैसे कड़े कदम भी उठाए गए हैं। इसके अतिरिक्त नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी, उन्हें जेल भेजने और अवैध धंधे से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस और कानून के माध्यम से नहीं जीती जा सकती, बल्कि इसके लिए सामाजिक जागरूकता और जनसहभागिता भी जरूरी है। मुख्यमंत्री ने चिट्टामुक्त हिमाचल अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दिया है, जिसमें प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों, परिवारजनों तथा आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। यदि कोई युवा नशे की गिरफ्त में जाता दिखाई दे तो उसे उपेक्षित करने के बजाय सही मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग प्रदान करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को खेलकूद, शिक्षा, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक सेवा से जोड़कर उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखा जा सकता है।

पठानिया ने शिक्षण संस्थानों के प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों से भी नशामुक्ति के लिए जागरूकता गतिविधियां निरंतर आयोजित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशामुक्त वातावरण के साथ स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण भी जरूरी है। वॉकथॉन के माध्यम से प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखने का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग, एसडीएम ज्वाली नरेंद्र, उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक अजय समयाल, एप्रोप्रिएट टेक्नोलॉजी सेंटर शाहपुर की प्रभारी डॉ. सुनंदा पठानिया, डीएफओ अमित शर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम कटोच सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *