केवल सिंह पठानिया ने किया परगोड़ में 500 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण, चंगर को 2.15 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

12 नवम्बर: शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की गुब्बर पंचायत के परगोड़ में 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 500 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र का उप मुख्य सचेतक एवं विधायक केवल सिंह पठानिया ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ग्रीन पंचायत योजना ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाने और पंचायतों को आय के स्थायी स्रोत उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना से गुब्बर पंचायत को भी नियमित आय प्राप्त होगी।

उन्होंने बताया कि यह जिला का पहला ट्रिपल-पी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर आधारित सौर ऊर्जा संयंत्र है। इससे स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय पंचायत की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। साथ ही क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने और बिजली कटौती की समस्या से राहत दिलाने में मदद मिलेगी।

पठानिया ने बताया कि परियोजना से प्राप्त कुल राजस्व का 20 प्रतिशत हिमाचल प्रदेश सरकार और 30 प्रतिशत हिमऊर्जा को संचालन, रखरखाव एवं प्रबंधन के लिए मिलेगा। शेष 50 प्रतिशत राशि स्थानीय सामाजिक एवं सामुदायिक विकास पर खर्च की जाएगी। इसमें से 25 प्रतिशत संबंधित ग्राम पंचायत के विकास कार्यों पर तथा अन्य 25 प्रतिशत पंचायत के अनाथ बच्चों और विधवा महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने पर खर्च होगा।

इस दौरान विधायक ने लगभग 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित खेल मैदान का भी उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि चंगर क्षेत्र के युवाओं और बच्चों को इस मैदान से खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। यहां विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं करवाने की संभावनाएं भी विकसित होंगी। खेल मैदान युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि चंगर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के सुधार पर लगभग 30 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जबकि बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करीब 3.85 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। प्रदेश सरकार क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

पठानिया ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा हिमाचल के हितों की रक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि बीबीएमबी के 15 वर्षों से लंबित एरियर के मामले में प्रदेश सरकार को मिली सफलता राज्य के अधिकारों की लड़ाई में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि इस निर्णय के परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश को आगामी 20 वर्षों में लगभग 12,000 मिलियन यूनिट बिजली प्राप्त होगी। मौजूदा दरों के आधार पर इससे प्रदेश को प्रतिवर्ष करीब 500 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है।

उन्होंने किशाऊ बांध परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे बिजली उत्पादन शुरू होने पर हिमाचल प्रदेश को बिना किसी अतिरिक्त व्यय के प्रतिवर्ष लगभग 1,500 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है। इन परियोजनाओं से प्रदेश के वित्तीय संसाधन मजबूत होंगे और हिमाचल को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के मुख्यमंत्री के संकल्प को बल मिलेगा।

उन्होंने कहा कि चंगर क्षेत्र के लोगों का उन्हें हमेशा भरपूर सहयोग और स्नेह मिला है। शाहपुर की जनता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वह लोगों के विश्वास एवं सहयोग के लिए सदैव आभारी रहेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रदेश सरकार के सहयोग से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। सरकार प्रदेश के प्राकृतिक एवं अन्य संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कुराश खेल में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली निहारिका राणा को सम्मानित किया। उन्होंने निहारिका को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। प्रदेश सरकार युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग, एसडीएम जवाली नरेंद्र, उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक अजय समयाल, एप्रोप्रिएट टेक्नोलॉजी सेंटर शाहपुर की प्रभारी डॉ. सुनंदा पठानिया, डीएफओ अमित शर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम कटोच, बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता ठाकुर, हिमऊर्जा के प्रोजेक्ट अधिकारी अरुण भारद्वाज, सीडीपीओ रैत निर्मला चौहान, बीडीओ रैत योगेंद्र, प्राचार्य डॉ. विश्वजीत एवं संजय शर्मा, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, एसडीओ रमेश, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, चंगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरजन, जिला परिषद सदस्य मीना राणा, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीना ठाकुर सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, विभागीय अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *