26 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के लिए गौरव की बात है कि हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर अब त्रिपुरा राज्य के मुख्य न्यायाधीश का कार्यभार संभालेंगे। इस उपलब्धि को हासिल करने वाले वह बिलासपुर जिले के पहले व्यक्ति हैं। उनकी इस नियुक्ति से घुमारवीं उपमंडल सहित पूरे जिले में खुशी की लहर है।
न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर का जन्म बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल के लंजता गांव में पूर्व विधायक स्वर्गीय नारायण सिंह और सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य स्वर्गीय गुरुदेवी ठाकुर के घर हुआ। बचपन से ही मेधावी रहे विवेक सिंह ठाकुर ने शिक्षा के क्षेत्र में कई उपलब्धियां हासिल कीं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की पांचवीं कक्षा की परीक्षा में जिला में पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि आठवीं, नौवीं और दसवीं की परीक्षाओं में प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान हासिल किया।
उन्होंने बिलासपुर कॉलेज से बीएससी की डिग्री प्राप्त करने के बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से एलएलबी और बीजेएमसी की पढ़ाई पूरी की। एलएलबी में भी वह टॉपर रहे। इसके बाद उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से एलएलएम की डिग्री हासिल की।
वर्ष 1990 में उन्होंने हिमाचल प्रदेश बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण करवाया। इसके बाद हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय सहित विभिन्न कानूनी मंचों पर राजस्व, दीवानी, आपराधिक, संवैधानिक, सेवा मामलों, मध्यस्थता और कराधान कानूनों से जुड़े मामलों में अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न संगठनों के कानूनी सलाहकार के रूप में भी कार्य किया।
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में न्यायाधीश नियुक्त होने से पहले उन्होंने राज्य सरकार की ओर से सहायक महाधिवक्ता और अतिरिक्त महाधिवक्ता के रूप में सेवाएं दीं। साथ ही भारत संघ के लिए वरिष्ठ पैनल काउंसिल के रूप में भी कार्य किया। 12 अप्रैल, 2016 को उन्होंने हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी। अब त्रिपुरा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनकी नियुक्ति बिलासपुर जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।