स्पेशल एजूकेटर भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी, 83 में से 81 पदों पर उम्मीदवार चयनित

6 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में छठी से 12वीं कक्षा तक के लिए स्पेशल एजूकेटरों के 83 पदों की भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। पोस्ट कोड-25023 के तहत आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच के बाद 81 उम्मीदवारों का चयन किया गया है।

आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि भर्ती के लिए कुल 271 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें से 260 उम्मीदवारों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा दी, जबकि परीक्षा के बाद 179 उम्मीदवारों को दस्तावेजों की जांच के लिए चयनित किया गया था।

26 और 27 अगस्त को दस्तावेजों की जांच की गई, जिसके बाद 81 उम्मीदवार अंतिम रूप से चयनित हुए। पात्र उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) वर्ग का एक पद खाली रह गया है। वहीं, कोर्ट केस के कारण सामान्य अनारक्षित वर्ग का एक पद फिलहाल रिक्त रखा गया है।

सचिव ने बताया कि अंतिम परिणाम उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और प्राप्त अंकों सहित आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *