24 सितंबर: हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार और विपक्षी भाजपा के बीच सियासी तकरार तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार के खिलाफ बयानबाजी को लेकर हमीरपुर सदर के विधायक आशीष शर्मा के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) हमीरपुर के चेयरमैन अजय शर्मा की शिकायत के आधार पर सदर पुलिस थाना में की गई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को हमीरपुर के गांधी चौक पर भाजपा की ओर से प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष रैली और धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया था। इस दौरान विधायक आशीष शर्मा ने मंच से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार पर कई आरोप लगाए। विधायक ने मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए एक कथित भूमि सौदे का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार से जुड़ी निजी भूमि को एक सरकारी विभाग को करोड़ों रुपये में बेचा गया है। विधायक ने इस मामले में मुख्यमंत्री से जवाब मांगा था।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने तथा विकास कार्यों की अनदेखी करने के आरोप भी लगाए। धरने में भोरंज विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक कमलेश कुमारी सहित भाजपा के जिला और हमीरपुर मंडल के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विधायक की बयानबाजी को लेकर एपीएमसी हमीरपुर के चेयरमैन अजय शर्मा ने सदर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मंच से दिए गए बयानों और लगाए गए आरोपों से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामला दर्ज होने के बाद हमीरपुर में कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।