सराहां में वामन द्वादशी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या का उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने किया शुभारंभ

24 सितम्बर: उद्योग, संसदीय कार्य तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बुधवार को सराहां में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि मेले और त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक हैं। प्रदेश की संस्कृति को संरक्षित रखना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ी भी अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सके। उन्होंने जिला वासियों को राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेले की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि भगवान विष्णु के वामन अवतार के शुभ अवसर पर आयोजित होने वाला यह ऐतिहासिक मेला समृद्ध सांस्कृतिक इतिहास को अपने साथ संजोए हुए है। इसमें पच्छाद क्षेत्र के अलावा सिरमौर और हरियाणा के लोग भी भाग लेते हैं। देव परंपरा से जुड़े इस मेले का आपसी मेल-जोल, खेलकूद और सांस्कृतिक दृष्टि से भी विशेष महत्व है।

उद्योग मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चरण-4 के तहत जिला सिरमौर में 85 करोड़ रुपये की लागत से 11 सड़क परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। इनमें पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में 12 करोड़ रुपये की लागत से दो सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इनकी निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पच्छाद क्षेत्र में नाबार्ड के माध्यम से गिरी नदी पर चब्योगा के पास 14 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण भी किया जाएगा।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हिमाचल की समृद्ध संस्कृति को संजोकर रखना सभी का कर्तव्य है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य सुनिश्चित किए जा रहे हैं। इस दौरान उद्योग मंत्री ने मेले में विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया।

एसडीएम पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्रा ने मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। मेला कमेटी की ओर से उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, एपीएमसी सिरमौर के अध्यक्ष सीता राम शर्मा और आनंद परमार को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी और ऊषा तोमर, जीएम डीआईसी रचित शर्मा, कांग्रेस नेता रणधीर पंवार, तहसीलदार पच्छाद जगपाल सिंह, डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *