22 सितंबर, तरसेम जरयाल :राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पर्यटन एवं यात्रा तथा वी-वॉक विभाग की ओर से टूरिज्मो त्रिगर्त कार्निवल 2026 का शुभारंभ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। विश्व पर्यटन सप्ताह के तहत आयोजित यह कार्निवल 27 सितंबर तक चलेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत कल्चरल मार्च से हुई, जिसमें 200 से अधिक विद्यार्थियों ने हिमाचल के विभिन्न जिलों की पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया। देवी-देवताओं की पालकियों के साथ निकली मार्च ने हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।
प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने मुख्य अतिथि जिला पर्यटन अधिकारी विनय धीमान सहित अन्य अतिथियों का हिमाचली शाल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। दीप प्रज्वलन के बाद विद्यार्थियों ने वंदे मातरम् की प्रस्तुति दी। प्राचार्य ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक हैं।
जिला पर्यटन अधिकारी विनय धीमान ने विद्यार्थियों से सस्टेनेबल टूरिज्म और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नए विचारों एवं नवाचार के साथ आगे आने का आह्वान किया।
कार्निवल में किन्नौर, चंबा, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, शिमला और लाहौल-स्पीति सहित विभिन्न क्षेत्रों की लोक संस्कृति, नृत्य और वेशभूषा प्रस्तुत की गई। शताब्दी वर्ष के अवसर पर 100 विद्यार्थियों ने ‘100’ की मानव श्रृंखला बनाकर महाविद्यालय की गौरवशाली यात्रा को यादगार बनाया।
इस दौरान हिमाचली पारंपरिक खाद्य, मॉडल मेकिंग, इटिनरेरी मेकिंग, ग्रीन इनोवेशन, रंगोली और स्वच्छता अभियान जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। कार्निवल में 25 से अधिक मेगा इवेंट और प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।