22 सितंबर: जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के सिस्सू में गत रात एक अनियंत्रित कार के गहरी खाई में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वाले और घायल सभी युवक जिला मंडी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र में शोक की लहर है।
लाहौल-स्पीति पुलिस के अनुसार, कार नंबर एचपी-31सी-1662 गोंधला की ओर जा रही थी। सिस्सू सेल्फी प्वाइंट के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे।
दुर्घटना में सुरेश पुत्र तोता राम निवासी भडियाल, तहसील बल्ह, जिला मंडी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान मोहन सिंह पुत्र सेवक राम निवासी चुवाड़ी, राजगढ़, निखिल पुत्र रमेश चंद निवासी सकरोआ, बबलू पुत्र हल्कू राम निवासी मंडी और पवन कुमार पुत्र लक्ष्मण दास निवासी टिक्कर, तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई। केलांग अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बबलू, मोहन सिंह और पवन कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया।
कुल्लू में उपचार के दौरान बबलू ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, अन्य दो घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है। डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।