21 सितंबर: नगरोटा विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं और बेटियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राजियाणा में वर्किंग वूमेन हॉस्टल और डिग्री कॉलेज नगरोटा में गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण करवाया जा रहा है। दोनों सुविधाएं जल्द ही महिलाओं और बेटियों को समर्पित की जाएंगी। यह बात नगरोटा के विधायक एवं पर्यटन निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली ने रौंखर पंचायत में आयोजित ‘आपका विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम के दौरान कही।
आर.एस. बाली ने कहा कि महिलाओं और बेटियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को इनके समाधान के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत में करवाए गए विभिन्न विकास कार्यों का ब्यौरा भी ग्रामीणों के समक्ष रखा।
उन्होंने बताया कि विकास खंड के माध्यम से पंचायत में विभिन्न योजनाओं के तहत 164 विकास कार्यों पर करीब 1 करोड़ 43 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। सुख-सम्मान निधि के तहत पात्र लाभार्थियों को 2 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। विद्युत विभाग ने बिजली व्यवस्था के सुधार और दुरुस्तीकरण पर 2.50 लाख रुपये खर्च किए हैं, जबकि आपदा प्रभावित लोगों को 4.50 लाख रुपये की सहायता दी गई है। जल शक्ति विभाग के माध्यम से पंचायत में करीब 36 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्य करवाए गए हैं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के तहत पंचायत के 25 लाभार्थियों को 5.70 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। इस तरह पंचायत में विभिन्न मदों के तहत करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक के विकास एवं सहायता कार्य किए गए हैं।
आर.एस. बाली ने कहा कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और पंचायत का समान एवं समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। लोगों की समस्याओं का समाधान घर-द्वार पर करने के साथ ही विकास कार्यों को भी गति दी जा रही है।
उन्होंने स्थानीय पंचायत की मांग को पूरा करते हुए ग्राउंड निर्माण के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को ग्राउंड में वालीबाल, बास्केटबाल, बैडमिंटन और कबड्डी की सुविधाएं विकसित करने के साथ बुजुर्गों के व्यायाम के लिए ओपन एयर जिम और स्टेज बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्रामीणों की मांग पर नाले के ऊपर पैदल आवागमन के लिए पुलिया बनाने के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कार्यक्रम में वरिष्ठ महासचिव जिला कांगड़ा प्रताप रियाड, नगर परिषद अध्यक्ष राहुल धीमान, स्थानीय प्रधान सुधीर काहलो, सुमित्र मसंद, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।