21 सितम्बर: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बालीवाल पंचायत में आने वाले एक साल में विकास का बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पंचायत में करीब 125 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं पर काम किया जा रहा है और इनके लिए धनराशि उपलब्ध करवा दी गई है। लंबे समय से विकास की दृष्टि से पिछड़े रहे इस क्षेत्र में अब सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बालीवाल में आयोजित वार्षिक पारितोषिक समारोह में मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजुआणा से पोलियां को जोड़ने वाली सड़क पर 42 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की राशि लोक निर्माण विभाग को उपलब्ध करवा दी गई है। पुबोआल-बालीवाल सड़क पर 3.50 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण होगा, जबकि समनाल-पंजुआणा सड़क के लिए 14 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं और सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि पंजुआणा में 100 करोड़ रुपये की लागत से लैब स्थापित की जाएगी। वहीं, बल्क ड्रग पार्क का प्रशासनिक भवन 40 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। 8.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वर्किंग वीमेन हॉस्टल का निर्माण शुरू हो चुका है। पीएचसी बालीवाल के लिए भी डेढ़ करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को गति मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री ने बालीवाल स्कूल के करीब 22 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त भवन का लोकार्पण किया और शैक्षणिक सत्र 2025-26 में शिक्षा, सांस्कृतिक व खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि अगले सत्र से बालीवाल स्कूल में कॉमर्स की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। कांगड़ स्कूल में म्यूजिक की कक्षाएं भी शुरू होंगी। स्कूल प्रधानाचार्य की ओर से विकास से संबंधित रखी गई सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन भी उन्होंने दिया। वर्तमान में विद्यालय में 174 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को लेकर होने वाली आलोचनाओं की उन्हें परवाह नहीं है। लोगों को सरकार से उम्मीदें हैं और उनका लक्ष्य बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने बालीवाल से महाविद्यालय की छात्राओं के लिए एचआरटीसी बस सेवा शुरू करने की भी बात कही।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अगले वर्ष हरोली महाविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या करीब 1000 हो जाएगी। वर्तमान में यहां लगभग 500 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। अगले वर्ष से महाविद्यालय में एमएससी और लॉ की कक्षाएं भी शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि हरोली महाविद्यालय को उच्च स्तर की सुविधाओं से युक्त संस्थान बनाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से 29 सितंबर को हरोली महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया, जिसमें पंजाबी गायक गुरदास मान विशेष प्रस्तुति देंगे।
समारोह के दौरान स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत सिंह राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत कांगड़ के प्रधान विनोद कुमार बिट्टू, एसटीए सदस्य अशोक ठाकुर, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह औजला, सतीश बिट्टू, चौधरी धर्म सिंह, बालीवाल पंचायत प्रधान विजय, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, डीएसपी हरोली मोहन रावत, उप निदेशक माध्यमिक शिक्षा सोम पाल धीमान, उप निदेशक क्वालिटी कंट्रोल नीरज गर्ग, प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कौशल सहित विद्युत, लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता, विद्यार्थियों के अभिभावक तथा अन्य गणमान्य मौजूद रहे।