पार्वती परियोजना की टनल में रिसाव पर प्रशासन ने शुरू की त्वरित कार्रवाई

21 सितंबर: पार्वती जलविद्युत परियोजना की टनल से सैंज क्षेत्र की रैला पंचायत में एक स्थान पर हुए रिसाव का जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

कार्यवाहक उपायुक्त एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही उपमंडलाधिकारी नागरिक, बंजार और एनएचपीसी पार्वती परियोजना के महाप्रबंधक सहित संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्तर पर टनल से हो रहे रिसाव को पूरी तरह रोक लिया गया है। रिसाव के कारण जमा हुए मलबे को हटाने के लिए मौके पर आवश्यक मशीनरी तैनात कर दी गई है।

एडीएम ने कहा कि प्रशासन स्थानीय परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने और रिसाव से हुई संभावित क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मौके के निरीक्षण के बाद एसडीएम बंजार पूरे मामले की विस्तृत एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपेंगे। रिपोर्ट के आधार पर क्षति और अन्य संबंधित पहलुओं का आकलन कर आवश्यक आगामी कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को स्थिति की निरंतर निगरानी करने तथा स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाए रखने के भी निर्देश दिए हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *