19 सितंबर: डलहौज़ी बस स्टैंड के समीप उस समय हड़कंप मच गया, जब सिर में प्लास्टिक का कनस्तर फंसी एक मादा भालू दिखाई दी। कनस्तर सिर में फंसने के कारण भालू को देखने और खाने-पीने में परेशानी हो रही थी। घबराई हुई मादा भालू इधर-उधर भाग रही थी, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर चर्च रोड पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। डीएफओ डलहौजी कुलदीप जम्वाल, आरओ राहुल ठाकुर सहित वन विभाग की टीम ने पुलिस और नगर परिषद के सहयोग से वेटरनरी टीम की मदद से मादा भालू को ट्रैंक्विलाइज किया।
इसके बाद टीम ने सावधानीपूर्वक उसके सिर में फंसे प्लास्टिक के कनस्तर को बाहर निकाला। रेस्क्यू अभियान सफल होने के बाद मादा भालू को सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
डीएफओ कुलदीप जम्वाल ने लोगों से अपील की कि जंगलों में प्लास्टिक और कचरा न फेंकें। उन्होंने कहा कि इंसानों की छोटी-सी लापरवाही वन्यजीवों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है।