एचपीयू में एसएफआई-एबीवीपी कार्यकर्ताओं में भिड़ंत, लाठी-डंडे चलने से कई छात्र घायल

19 सितंबर: राजधानी शिमला स्थित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में एसएफआई और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस दौरान दोनों गुटों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें आधा दर्जन से अधिक छात्रों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र संगठनों के बीच विवाद की शुरुआत समरहिल चौक से हुई। पुलिस और विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद दोनों गुटों के बीच झड़प हो गई। देखते ही देखते छात्रों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया।

समरहिल चौक पर हुए विवाद के कुछ समय बाद दोनों संगठनों के कार्यकर्ता कुलपति कार्यालय के पास फिर आमने-सामने आ गए। यहां भी दोनों पक्षों के बीच झड़प की स्थिति बन गई। हालांकि, मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छात्रों को वहां से हटाया और स्थिति को बिगड़ने से बचाया।

घटना के बाद एचपीयू परिसर में दोनों छात्र संगठनों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। एसएफआई और एबीवीपी दोनों ने मारपीट की शुरुआत के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया है।

झड़प में आधा दर्जन से अधिक छात्रों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद एसएफआई और एबीवीपी की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई गई है। फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *