19 सितम्बर: हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शिमला पुलिस की डिटैक्शन सैल टीम ने कोटखाई क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को 9 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार बीते शुक्रवार को डिटैक्शन सैल की टीम कोटखाई-पुड़ग सड़क मार्ग पर गश्त कर रही थी। इस दौरान मघाली मोड़ के पास एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। पुलिस ने शक के आधार पर उसे रोककर तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 9 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान 28 वर्षीय गौरव ठाकुर निवासी जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना कोटखाई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह चिट्टा कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।