19 सितम्बर: कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पलौहड़ा में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित सांस्कृतिक कला मंच, डिजिटल लाइब्रेरी और तीन स्मार्ट क्लास रूम का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में आयोजित 33वीं उपमंडल स्तरीय साइंस कांग्रेस का भी शुभारंभ किया।
‘सतत विकास के लिए विज्ञान और नवाचार’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय साइंस कांग्रेस में उपमंडल के 65 सरकारी और निजी विद्यालयों के करीब 385 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। कृषि मंत्री ने विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए विभिन्न विज्ञान मॉडलों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बाल वैज्ञानिकों से उनके मॉडलों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए वैज्ञानिक सोच विकसित करने और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सतत विकास के लिए विज्ञान और नवाचार का महत्वपूर्ण योगदान है। आयोजन के दौरान विज्ञान क्विज, साइंस एक्टिविटी कॉर्नर, मैथमेटिकल ओलंपियाड और साइंस मॉडल प्रदर्शनी सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
प्रो. चन्द्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकारी स्कूलों में घटते नामांकन को देखते हुए पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की गई है और चरणबद्ध तरीके से सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के रिक्त पदों को भी भरा जा रहा है। ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्वाली, कोटला और नगरोटा सूरियां को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है। इसके अलावा ठंगर में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है।
उन्होंने बताया कि पलौहड़ा से हरिजन बस्ती तक सड़क निर्माण पर अब तक 30 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं और शेष कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। लब से शनिदेव मंदिर तक जौंटा सड़क के विस्तारीकरण का कार्य 25 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित है। समलाना में ट्यूबवेल का निर्माण किया गया है। ज्वाली में 4.5 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज कार्य प्रगति पर है। वहीं, ज्वाली शहरी क्षेत्र में अमृत-2 योजना के तहत 15.50 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ट्यूबवेल, स्टोरेज टैंक और पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है।
प्रो. चन्द्र कुमार ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को अपनी ऐच्छिक निधि से 15 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया।
इससे पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य सुखदेव जम्वाल और स्कूल स्टाफ ने मुख्यातिथि को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसडीएम नरेंद्र जरियाल, पंचायती राज विभाग के एसडीओ अमन रिहालिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चैन सिंह गुलेरिया, कांग्रेस प्रवक्ता संसार सिंह संसारी, कांग्रेस नेता मनु शर्मा, अश्विनी चौधरी, स्कूल प्रधानाचार्य सुखदेव जम्वाल, एसएमसी प्रधान महाशू, जिला परिषद सदस्य शिम्पू जरियाल, बीडीसी सदस्य प्रवीना देवी, पलौहड़ा पंचायत प्रधान सुनीता चौधरी, उपप्रधान शिवदेव सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।