17 सितम्बर:हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में एक 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कुल्लू-मनाली सड़क पर वामतट के समीप हुआ।
जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय आदर्श पुत्र हेमराज निवासी पालगी (गड़सा) और 18 वर्षीय कविता पुत्री देवी राम निवासी घोट, पंचायत काईसा, देर रात बोलेरो कैंपर (एचपी-34एफ-5819) में भडोगी गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वामतट के समीप वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में कविता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आदर्श गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।