नेपाल बाढ़ में लापता ऊना के इंजीनियर के परिवार से मिले CM सुक्खू, हरसंभव सहायता का आश्वासन

17 सितम्बर: नेपाल में आई बाढ़ के बाद लापता ऊना निवासी इंजीनियर सुखविंदर रतन के परिजनों ने ऊना के सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात की। परिजनों ने मुख्यमंत्री को बताया कि नेपाल में बाढ़ आने के बाद से सुखविंदर रतन के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है, जिससे परिवार बेहद चिंतित है।

मुख्यमंत्री ने परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन देते हुए कहा कि राज्य सरकार सुखविंदर रतन की तलाश के प्रयासों में तेजी लाने का मामला केंद्र सरकार के समक्ष उठाएगी। उन्होंने कहा कि उनके बारे में जल्द से जल्द जानकारी प्राप्त करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही, इस कठिन समय में राज्य सरकार परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करेगी।

सुखविंदर रतन नेपाल में 216 मेगावाट की अपर त्रिशूली जलविद्युत परियोजना में साइट इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे। वह 26 अगस्त को क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के बाद से लापता हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *