सधोडा पत्तन पुल के शिलान्यास की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की बैठक

16 सितम्बर , बबलू गोस्वामी : सधोडा पत्तन पुल के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को बड़ा जोन कांग्रेस की बैठक फस्टे में आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के सधोडा पत्तन पहुंचने पर नागरिक अभिनंदन, जनसभा और शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया और कार्यकर्ताओं से सुझाव भी लिए गए।

बैठक को हिमाचल प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल, जिला परिषद सदस्य रविंद्र कुमार गद्दी और सेवानिवृत्त जिला न्यायवादी संसार चंद रनौत ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सधोडा पत्तन पर पुल निर्माण की मांग क्षेत्रवासी दशकों से करते आ रहे थे, लेकिन लंबे समय तक यह मांग आश्वासनों तक ही सीमित रही। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ज्वालामुखी में पुल निर्माण की घोषणा करने के बाद इसे धरातल पर उतारने की दिशा में कार्य किया।

उन्होंने बताया कि सधोडा पत्तन पुल के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री ने 32 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, जिसमें से 9 करोड़ रुपये लोक निर्माण विभाग को जारी किए जा चुके हैं। पुल का निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। उन्होंने क्षेत्र की जनता से 18 सितंबर को सुबह 10:30 बजे सधोडा पत्तन में आयोजित होने वाले शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचने का आग्रह किया।

बैठक में फस्टे पंचायत के प्रधान राजेश रनौत, चमराल पंचायत की प्रधान अनीता कुमारी, उपप्रधान सुखदेव पटियाल, बड़ा पंचायत के उपप्रधान अशोक सनौरिया, सपडोह पंचायत के प्रधान बलबीर पठानिया, उपप्रधान पंकज पठानिया, पूर्व प्रधान राजकुमार, सरिता देवी, पूर्व बीडीसी सदस्य सीमा देवी, पूर्व उपप्रधान राजेश सनौरिया और सेवानिवृत्त प्रिंसिपल जगदेव ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *