15 तारीख बीतने के बाद भी HRTC पैंशनरों को नहीं मिली पैंशन, निगम मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन

16 सितंबर: एचआरटीसी पैंशनरों को महीने की 15 तारीख बीत जाने के बाद भी पैंशन नहीं मिलने से रोष बढ़ गया है। मंगलवार को पथ परिवहन पैंशनर्ज कल्याण संगठन की शिमला इकाई की बैठक प्रधान मनोज गौतम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में राज्य पदाधिकारियों सहित करीब 150 पैंशनरों ने हिस्सा लिया। बैठक के बाद पैंशनरों ने निगम प्रबंधन और सरकार के खिलाफ निगम मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

संगठन के राज्य प्रधान देव राज ठाकुर और अतिरिक्त महासचिव राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री के आश्वासन और सरकार की ओर से पैंशन के लिए 20 करोड़ रुपए जारी किए जाने के बावजूद करीब 700 पैंशनरों को अभी तक पैंशन नहीं मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बैंकों में भुगतान अटका हुआ है, जिसके कारण पैंशनरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पैंशनरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संगठन ने बताया कि 24 सितंबर को नालागढ़ में राज्य कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में जून में स्थगित किए गए निगम मुख्यालय घेराव आंदोलन को दोबारा शुरू करने सहित आगामी आंदोलन की रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *