16 सितंबर: सोलन स्थित पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) कॉलेज में एक छात्रा के साथ लाइब्रेरियन द्वारा कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। घटना के विरोध में मंगलवार को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया और प्राचार्य कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की। मामले को गंभीरता से लेते हुए कॉलेज प्रशासन ने संबंधित लाइब्रेरियन को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
जानकारी के अनुसार, विवाद सोमवार को उस समय शुरू हुआ जब एक छात्रा लाइब्रेरी कार्ड बनवाने के लिए कॉलेज पहुंची थी। बताया जा रहा है कि छात्रा लाइब्रेरी के बाहर अपने दोस्तों के साथ बातचीत कर रही थी। इसी दौरान लाइब्रेरियन ने कथित तौर पर उसके साथ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया। छात्रा और एसएफआई की ओर से लगाए गए आरोपों के मुताबिक, लाइब्रेरियन ने छात्रा को थप्पड़ मारने की धमकी भी दी। इसके अलावा किन्नौर-स्पीति क्षेत्र से आने वाले विद्यार्थियों को लेकर कथित तौर पर क्षेत्रीय आधार पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं और छात्रा के चरित्र पर भी सवाल उठाए गए।
घटना से आहत छात्रा ने कॉलेज प्रशासन को लिखित शिकायत दी। शिकायत सामने आने के बाद मंगलवार को एसएफआई कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने प्राचार्य कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। एसएफआई ने कहा कि विद्यार्थियों के साथ किसी भी तरह का दुर्व्यवहार और क्षेत्रीय आधार पर की जाने वाली टिप्पणियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। छात्र संगठन ने आरोपी लाइब्रेरियन के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग उठाई है।
पीजी कॉलेज सोलन की प्राचार्य शिवानी शर्मा ने बताया कि छात्रा की लिखित शिकायत मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। संबंधित लाइब्रेरियन को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। उन्होंने बताया कि लाइब्रेरियन ने छात्रा से माफी भी मांगी है। हालांकि मामले की नियमानुसार जांच और विभागीय प्रक्रिया अभी जारी है।