5.5 किलो चूरा-पोस्त तस्करी मामले में मुख्य सप्लायर गिरफ्तार, आनी से जुड़े नशे के नेटवर्क का खुलासा

16 सितम्बर: शिमला पुलिस के नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना कुमारसैन को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 5.5 किलोग्राम चूरा-पोस्त तस्करी मामले में बैकवर्ड लिंकेज की जांच करते हुए मुख्य सप्लायर को कुल्लू से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बहादुर सिंह उर्फ रिंकू (36) पुत्र गोपी चंद निवासी आनी, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत गिरफ्तार किया है। उसे एसीजेएम रामपुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से 16 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार रामपुर डिटेक्शन टीम ने सैंज-लूहरी मार्ग पर नाकेबंदी के दौरान एक वाहन की तलाशी ली थी। इस दौरान वाहन से 5.5 किलोग्राम चूरा-पोस्त बरामद किया गया। पुलिस ने वाहन चालक पिंकू राम (41) निवासी कुमारसैन को मौके पर गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया था।

पूछताछ के दौरान पिंकू राम ने पुलिस को बताया कि उसने यह नशे की खेप आनी में बहादुर सिंह से खरीदी थी। इस सौदे में आनी निवासी बीटू राम (31) ने वित्तीय लेनदेन में मदद की थी। पुलिस ने बीटू राम को 4 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया था।

वित्तीय लेनदेन और जांच के दौरान जुटाए गए अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले के मुख्य सप्लायर बहादुर सिंह उर्फ रिंकू की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि नशे की सप्लाई से जुड़े बैकवर्ड लिंकेज की जांच आगे भी जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *