अणु में 18 सितंबर को रूफ टॉप सोलर और स्मार्ट मीटर पर होगा जागरूकता कार्यक्रम

16 सितम्बर: लोगों को सौर ऊर्जा के अधिक से अधिक उपयोग के लिए प्रेरित करने और बिजली की किफायती खपत एवं बचत के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 18 सितंबर को अणु स्थित विद्युत विश्राम गृह में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

विद्युत उपमंडल हमीरपुर-1 के सहायक अभियंता कर्ण सिंह ने बताया कि कार्यक्रम सुबह साढ़े 10 बजे शुरू होगा। इसमें लोगों को रूफ टॉप सोलर प्लांट लगाने की प्रक्रिया और इससे होने वाले लाभों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं के बीच फैली भ्रांतियों और शंकाओं का समाधान भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाकर उपभोक्ता बिजली के खर्च को काफी कम कर सकते हैं। वहीं, सौर संयंत्र से उत्पन्न अतिरिक्त बिजली को बिजली बोर्ड को बेचकर आय भी अर्जित की जा सकती है।

सहायक अभियंता ने विद्युत उपमंडल हमीरपुर-1 के सभी उपभोक्ताओं से इस जागरूकता कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। कार्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01972-222327 पर संपर्क किया जा सकता है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *