पॉलीटेक्निक कॉलेज बड़ू में एआई और आधुनिक तकनीकों पर 5 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

16 सितम्बर: राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज हमीरपुर (बड़ू) में शिक्षकों के लिए ‘एमर्जिंग टेक्नोलॉजी फॉर एजुकेटर्स’ विषय पर पांच दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम मंगलवार से शुरू हुआ। 19 सितंबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन ई एंड आईसीटी अकादमी के माध्यम से सी-डैक मोहाली के प्रायोजन में किया जा रहा है। कॉलेज में सी-डैक के माध्यम से दूसरी बार इस तरह का उच्च स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न पॉलीटेक्निक संस्थानों, सीनियर सेकेंडरी स्कूलों और अन्य प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के 36 शिक्षक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ सी-डैक मोहाली के ई-ग्रेड वैज्ञानिक डॉ. बलविंदर सिंह ने किया। पहले सत्र में उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के विभिन्न क्षेत्रों में उपयोग, इसके लाभों और भविष्य में इस क्षेत्र में होने वाले शोध के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

दूसरे सत्र में आईआईटी रोपड़ की विशेषज्ञ डॉ. श्वेता ने एआई टूल्स के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। वहीं, ई एंड आईसीटी अकादमी की प्रोजेक्ट इंजीनियर सोनिया बड़गुजर ने शोध कार्यों में उपयोग किए जाने वाले एआई टूल्स की जानकारी दी।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पॉलीटेक्निक कॉलेज हमीरपुर के प्रधानाचार्य चंद्र शेखर के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। संस्थान के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अध्यक्ष डॉ. पंकज ठाकुर को मुख्य समन्वयक तथा इसी विभाग के वरुण गुप्ता को सह-समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *