16 सितम्बर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में अर्थशास्त्र शिक्षकों के 86 पदों की भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। पोस्ट कोड-26030 के तहत फिक्स मानदेय के आधार पर इन पदों को भरने के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच के बाद आयोग ने अंतिम चयन सूची जारी की है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि भर्ती के लिए कुल 1246 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जबकि 1032 अभ्यर्थी कंप्यूटर आधारित परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा के आधार पर 226 उम्मीदवारों को दस्तावेजों की जांच के लिए चयनित किया गया था। 29 और 31 अगस्त को दस्तावेजों की जांच के बाद 85 उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया गया है।
उन्होंने बताया कि पात्र उम्मीदवार उपलब्ध न होने के कारण एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) वर्ग का एक पद रिक्त रह गया है। अंतिम परिणाम में चयनित उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और प्राप्त अंकों सहित पूरी जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है।