16 सितंबर:मौसम विभाग के पूर्वानुमान और प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों को देखते हुए बिलिंग पैराग्लाइडिंग क्षेत्र में 16 सितंबर से शुरू होने वाली पैराग्लाइडिंग गतिविधियों को तीन दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। अब मौसम की स्थिति अनुकूल रहने पर पैराग्लाइडिंग गतिविधियां 19 सितंबर 2026 से शुरू होने की संभावना है।
उपमंडलाधिकारी बैजनाथ संकल्प गौतम ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में घना कोहरा और कम दृश्यता जैसी परिस्थितियों के कारण पैराग्लाइडिंग के सुरक्षित टेक-ऑफ और लैंडिंग में परेशानी हो सकती है। पैराग्लाइडरों, पायलटों और अन्य संबंधित लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गतिविधियों को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
एसडीएम ने सभी पैराग्लाइडिंग ऑपरेटरों, पायलटों, संघों और अन्य संबंधित हितधारकों से आदेशों का पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि मौसम के पूर्वानुमान और परिस्थितियों के आधार पर पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के संचालन की समीक्षा की जाएगी।