16 सितम्बर: उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीड़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त ने ओपीडी का निरीक्षण कर प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या, उन्हें दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों की जांच, उपचार तथा स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी चर्चा की।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में दवाइयों के स्टॉक की स्थिति और मरीजों को वितरित की जा रही आवश्यक दवाइयों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी जरूरी दवाइयां मरीजों को समय पर उपलब्ध करवाई जाएं। साथ ही दवाइयों की उपलब्धता और वितरण का नियमित रिकॉर्ड रखने को कहा, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उपायुक्त ने मरीजों के लिए उपलब्ध बैठने, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थान में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने और मरीजों व उनके साथ आए लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य संस्थानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इनके माध्यम से लोगों को घर-द्वार के समीप आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती हैं।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी बैजनाथ संकल्प गौतम, चिकित्सक और स्वास्थ्य केंद्र का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।