टांडा अस्पताल में इलाज के बीच युवती ने उठाया खौफनाक कदम, चौथी मंजिल से गिरकर मौत

15 सितंबर:डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में 27 वर्षीय युवती की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। युवती को एक दिन पहले ही संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार होने पर उसे आईसीयू से जनरल वार्ड में शिफ्ट किया जा रहा था, इसी दौरान यह घटना हुई।

टांडा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मिलाप शर्मा ने बताया कि युवती को बीती शाम जहरीला पदार्थ खाने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। उसकी स्थिति को देखते हुए उसे आईसीयू में रखा गया था। उपचार के बाद बुधवार सुबह करीब 5 बजे उसकी हालत स्थिर होने पर उसे मेडिसिन विभाग के जनरल वार्ड में शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान वह अचानक स्टाफ और परिजनों की नजरों से बचकर चौथी मंजिल की खिड़की तक पहुंच गई और नीचे गिर गई। ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

युवती भवारना थाना क्षेत्र के धीरा पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है। सूचना मिलने के बाद डीएसपी कांगड़ा राजेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की। मामला धीरा पुलिस चौकी के क्षेत्र से संबंधित होने के चलते पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई की गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस युवती द्वारा जहरीला पदार्थ खाने और अस्पताल में हुई घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि करीब 7-8 वर्ष पहले भी अस्पताल की चौथी मंजिल से एक मरीज के गिरने की घटना हुई थी। इसके बाद बरामदों और बालकनी में सुरक्षा जालियां लगाई गई थीं, लेकिन वार्डों की खिड़कियों पर ऐसी व्यवस्था नहीं की गई थी। ताजा घटना के बाद अस्पताल की खिड़कियों पर भी सुरक्षा जालियां लगाने की मांग उठने लगी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *