15 सितम्बर: नागरिक चिकित्सालय इंदौरा की रोगी कल्याण समिति की वार्षिक बैठक सोमवार को विधायक मलेंद्र राजन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में चालू वित्त वर्ष में समिति की आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा चालू वर्ष में होने वाले विभिन्न खर्चों तथा आगामी वित्त वर्षों में प्रस्तावित कार्यों और व्यय पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
वित्त वर्ष 2026-27 और 2027-28 के लिए विभिन्न मदों में प्रस्तावित खर्चों पर विचार-विमर्श के बाद बैठक में कुल 38,18,113 रुपये का बजट पारित किया गया। समिति ने अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने और आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत करने को लेकर भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जब वह विधायक बने थे, उस समय गंगथ अस्पताल में केवल एक चिकित्सक की व्यवस्था थी, जबकि अब वहां छह चिकित्सकों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा इंदौरा में भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नागरिक चिकित्सालय इंदौरा में जल्द ही अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की जाएगी। मशीन लगने के बाद अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच के लिए 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। अन्य अस्पतालों में सामान्यतः अल्ट्रासाउंड जांच के लिए 300 रुपये शुल्क लिया जाता है। ऐसे में स्थानीय लोगों को कम खर्च में यह सुविधा मिल सकेगी। वहीं, ईसीजी जांच के लिए 70 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
विधायक मलेंद्र राजन ने बताया कि सिविल अस्पताल इंदौरा के निर्माणाधीन भवन का कार्य भी जल्द पूरा होने की उम्मीद है। भवन का निर्माण पूरा होने के बाद इसका लोकार्पण किया जाएगा। नए भवन में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा भी मिलेगी।
बैठक में एसडीएम डॉ. सुरेंद्र ठाकुर, रोगी कल्याण समिति के सदस्य सचिव डॉ. वरुण शर्मा, बीडीसी सदस्य रमन कुमार, प्रधान सुरेश कुमार, पूर्व उपप्रधान मनोहर पिंकी, पौंग बांध विस्थापन पुनर्वास बोर्ड सलाहकार समिति निदेशक कुलदीप कीपा, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता शंकर दयाल सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।