बीड़ में अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, कृष्णानगर विद्यालय बना ओवरऑल विजेता

15 सितम्बर: पीएम श्री उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बीड़ में आयोजित तीन दिवसीय अंडर-19 छात्रों की खेलकूद प्रतियोगिता का समापन विधायक किशोरी लाल की मौजूदगी में हुआ। समापन समारोह में विधायक किशोरी लाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों तथा विद्यालयों को स्मृतिचिह्न और मेडल देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर विधायक किशोरी लाल ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। खेलों के माध्यम से शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास, अनुशासन और सहयोग की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर देती हैं। हार-जीत खेल का हिस्सा है और प्रतियोगिताओं से मिलने वाला अनुभव विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करता है।

उन्होंने कहा कि बीड़-बिलिंग क्षेत्र पैराग्लाइडिंग के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है और यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रयास कर रही है। बीड़-बिलिंग की पहचान को और मजबूत करने के लिए आधारभूत सुविधाओं का विकास जरूरी है। पर्यटन के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

विधायक ने कहा कि बीड़ से बड़ाग्रां वाया राजगुन्दा सड़क का निर्माण प्रदेश सरकार प्राथमिकता के आधार पर करवा रही है। यह सड़क क्षेत्र के विकास और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगी। बेहतर सड़क संपर्क से स्थानीय लोगों को सुविधा मिलने के साथ पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ेगी।

उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन, अध्यापकों, आयोजन समिति और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने में शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका अहम है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को लगातार निखारने का आह्वान किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले विद्यार्थियों के लिए उन्होंने 11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।

तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 32 विद्यालयों के करीब 350 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी, कुश्ती, शतरंज और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। वॉलीबॉल में कृष्णानगर विद्यालय विजेता और धानग विद्यालय उपविजेता रहा। खो-खो में पपरोला विजेता तथा संसाल उपविजेता, कबड्डी में लोहारडी विजेता तथा दयोल उपविजेता, कुश्ती में कृष्णानगर विजेता तथा बीड़ उपविजेता, शतरंज में कृष्णानगर विजेता तथा झिकली भेट्ठ उपविजेता और बैडमिंटन में बैजनाथ विद्यालय विजेता तथा सकड़ी विद्यालय उपविजेता रहा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कृष्णानगर ने ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य बीड़ बृजमोहन शर्मा, प्रधानाचार्य संसाल मनोज उपाध्याय, एसएमसी प्रधान रेशमा, ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता रमेश चड्ढा, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, सह मीडिया प्रभारी अजय गौड़, रणवीर, कृष्णा कंवर, मुनीश आनंद सहित विद्यालय प्रबंधन, शिक्षा विभाग के अधिकारी, अध्यापक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *