8 सितंबर: शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य संचालित सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों के ड्रेस कोड, विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म और स्कूल भवनों के लिए विशिष्ट रंग योजना जल्द निर्धारित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों का ड्रेस कोड 1 अक्तूबर से लागू किया जाएगा। बैठक में राज्य संचालित सीबीएसई स्कूलों के लोगो को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों में अनुशासन और समय की पाबंदी सुनिश्चित करने के लिए दिन में तीन बार शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है। रिक्त पदों को भी प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा, ताकि शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्कूलों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।