8 सितंबर: शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेशवासियों को बेहतर और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने को सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालयों को सुदृढ़ करने, रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरने तथा चिकित्सा अधिकारियों को नॉन-प्रैक्टिसिंग अलाउंस (एनपीए) देने के प्रस्ताव पर भी विचार करने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते कैंसर के मामलों को देखते हुए कैंसर देखभाल संस्थानों को सुदृढ़ करने के लिए 800 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। उन्होंने इस दिशा में भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने के लिए विशेषज्ञ समिति गठित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक संजय अवस्थी, हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।