चंबा में नेगी राम हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग, ग्रामीणों ने चंबा-तीसा मार्ग किया जाम

7 सितंबर: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में 38 वर्षीय नेगी राम की संदिग्ध हत्या के मामले में सोमवार को परिजनों और ग्रामीणों ने तीसा के अटल चौक पर चंबा-तीसा राजमार्ग अवरुद्ध कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की जांच पर असंतोष जताते हुए हत्याकांड की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से करवाने की मांग उठाई।

जानकारी के अनुसार, अगस्त में चुराह उपमंडल के जुक्यानी क्षेत्र में नेगी राम का शव खाई में मिला था। शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे, जबकि एक हाथ कटा हुआ था और चेहरा भी विकृत किया गया था। घटनास्थल के पास उनकी मोटरसाइकिल सुरक्षित हालत में मिली थी। फोरेंसिक जांच में सामने आया कि नेगी राम पर धारदार और नुकीले हथियारों से हमला किया गया था।

पुलिस ने मामले में अब तक एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, परिजन और ग्रामीण पुलिस जांच से संतुष्ट नहीं हैं। उनका आरोप है कि जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया, उसे देखते हुए इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच के लिए इसे सीबीआई को सौंपा जाना चाहिए। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि गिरफ्तार आरोपियों के अलावा अन्य लोग भी इस वारदात में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की गहनता से जांच कर सभी संभावित आरोपियों की भूमिका सामने लाने की मांग की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *