4 सितंबर: नालागढ़ से रामशहर होते हुए शिमला जाने वाले प्रमुख मार्ग पर कुमारहट्टी के पास गुरुवार देर रात भारी भू-स्खलन होने से सड़क का करीब 300 मीटर हिस्सा धंस गया। सड़क का बड़ा भाग खड्ड की ओर खिसकने के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। इससे नालागढ़ का रामशहर के रास्ते शिमला से सीधा सड़क संपर्क कट गया है।
जानकारी के अनुसार कुमारहट्टी-मितियां मार्ग पर होटल होमटाउन रिजॉर्ट के समीप पहाड़ी दरकने से बड़ी मात्रा में मलबा सड़क और चिकनी खड्ड में जा गिरा। भू-स्खलन इतना व्यापक था कि सड़क का करीब 300 मीटर हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मार्ग बंद होने से दोनों ओर वाहन फंस गए और स्थानीय लोगों व यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मलबा चिकनी खड्ड में जमा होने से पानी का प्राकृतिक बहाव भी रुक गया है। इसके चलते घटनास्थल पर बड़ी कृत्रिम झील बन गई है। पानी का स्तर बढ़ने से मलबे से बने अस्थायी बांध पर दबाव बढ़ने की आशंका है। यदि यह बांध अचानक टूटता है तो खड्ड के निचले क्षेत्रों में अचानक बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।
घटना की सूचना मिलने के बाद नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा, एसडीएम नरेंद्र आहलूवालिया, लोक निर्माण विभाग और एसडीआरएफ की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। टीम ने क्षतिग्रस्त सड़क, भू-स्खलन प्रभावित क्षेत्र और खड्ड में जमा पानी से पैदा हुए खतरे का जायजा लिया। संबंधित विभागों को क्षेत्र पर लगातार नजर रखने और सुरक्षा के आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क का बड़ा हिस्सा धंसने के कारण मार्ग की बहाली चुनौतीपूर्ण मानी जा रही है। यातायात बहाल करने से पहले पहाड़ी और खड्ड में जमा मलबे की स्थिति का तकनीकी आकलन किया जाएगा। इसके अलावा कृत्रिम झील में जमा पानी की सुरक्षित निकासी भी प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।
इसी स्थान पर पिछले वर्ष भी सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया था। उस समय मार्ग को बहाल करने में करीब एक माह का समय लगा था और लोगों को लंबे समय तक वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ा था।